पूर्वी चंपारण: मोतिहारी में एक ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां रील बनाने के चक्कर में तीन युवक की मौत हो गई है. पूर्वी चंपारण के टिकुलिया गांव में बूढ़ी गंडक नदी के किनारे यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो बनाने के चक्कर में तीन युवक नदी में डूब गए जिसके बाद उनकी मौत हो गई.
एसडीआरफ की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद तीनों का शव निकाला है. हादसे के शिकार हुए तीनों युवक की पहचान मंजीत कुमार, पीयुष कुमार, और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. तीनों की उम्र 14 से 15 साल थी. घटना के बाद गांव में कोहरमा मच गया है. परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है.
एक एक कर डूब गए तीनों दोस्त :
घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी के किनारे तीन युवक वीडियो बना रहे थे. इस दौरान एक लडके का पैर फिसल गया जिसके बाद वह नदी में डूबने लगा तब उसे बचाने के चक्कर में दो और लड़के डूब गए. लड़कों को डूबता देख स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक वह बहाव में बह गए. मामले में मोतिहारी के एसडीएम श्रेष्ठ सुमन ने बताया कि तीनों लड़कों की तलाश में गोताखोरों को लगाया गया. स्थानीय लोग भी उनकी तलाश में मदद कर रहे थे.
SDRF की टीम ने निकाला शव :
इसके बाद भी जब वो नहीं मिले तो एसडीआरएफ की टीम को तलाशी अभियान में लगाया गया. इसके बाद करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवक का शव मिला. वहीं अंचलाधिकारी ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को अनुग्रह राशि दी जाएगी.
